बड़वानी जिले के राजपुर नगर में गुरुवार रात विश्राम भवन के बाहर खड़ी एक स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जल गई। सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। यह कार राजपुर निवासी अदनान अली की बताई जा रही है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अदनान अली राजपुर नगर में सेवा लैब के मैनेजर हैं। उन्होंने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ तीन डॉक्टरों के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर लोकायुक्त इंदौर इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तीन डॉक्टरों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इनमें मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित शाक्य, डॉ. दिव्या सांई और संविदा चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोहर गोदारा शामिल हैं। उन्हें कुल 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। शिकायतकर्ता अदनान अली ने बताया था कि आरोपी डॉक्टर मरीजों को जांच के लिए उनकी लैब में भेजने के एवज में कमीशन लेते थे। पहले यह कमीशन 20 प्रतिशत था, जिसे पिछले महीने तीनों डॉक्टरों ने मिलकर 50 प्रतिशत कर दिया था। पिछले महीने की जांचों के लिए डॉ. अमित शाक्य ने 18,000 रुपये, डॉ. दिव्या सांई ने 8,000 रुपये और डॉ. मनोहर गोदारा ने 21,800 रुपये कमीशन के रूप में मांगे थे। लोकायुक्त की योजना के तहत डॉ. अमित शाक्य को 8,000 रुपये, डॉ. दिव्या सांई को 5,000 रुपये और डॉ. मनोहर गोदारा को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अदनान अली अपनी स्विफ्ट कार विश्राम भवन पर खड़ी कर घर चले गए थे। राजपुर थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर ने बताया कि अज्ञात कारणों से आगजनी की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Source link
