पंचकूला में नगर निगम चुनाव को लेकर सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कॉलेज में ईवीएम मशीन वितरण कार्य चल रहा है। जहां ड्यूटी देने के लिए तैनात पोलिंग पार्टियां पहुंची हुई हैं। कुछ पार्टियों को सामान मिल चुका है और वे बूथ के लिए रवाना भी हो चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने कहा कि पंचकूला नगर निगम चुनाव-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेयर तथा सभी 20 वार्डों के पार्षद पदों के लिए मतदान 10 मई को निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कॉलेज परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और कर्मचारियों को चुनाव संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। मतों की गिनती 13 मई 2026 को राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 में प्रातः 8 बजे से शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। 41 मशीनें रखी गई रिजर्व मेयर पद के लिए 204 ईवीएम मशीनें तथा 41 रिजर्व मशीनों का चयन किया गया है। वहीं, पार्षद पदों के लिए 204 ईवीएम मशीनें तथा 58 रिजर्व मशीनें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग स्टाफ की अंतिम रेंडमाइजेशन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसके उपरांत कल मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का वितरण किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए वार्ड-वार ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। मोबाइल फोन और टेंट लगाने पर पाबंदी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मतदान के दौरान फोटो खींचने की भी अनुमति नहीं होगी। यदि कोई कर्मचारी या मतदाता नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को टेंट लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने इस पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस कमिश्नर खुद मैदान में उतरेंगे। चुनाव ड्यूटी में 2 डीसीपी, 8 एसीपी, 20 इंस्पेक्टर और करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में 27 पुलिस नाके लगाए गए हैं तथा एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। कांग्रेस-बीजेपी के बीच मुकाबला पंचकूला नगर निगम चुनाव में इस बार कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों दलों के नेताओं और प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। खास बात यह है कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 40 हजार वैश्य व 50 हजार से अधिक पंजाबी वोटर हैं, जिन्हें चुनाव में निर्णायक माना जा रहा है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील जिला प्रशासन लगातार लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर मतदाता का वोट बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न करवाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
Source link
