मैहर में सोमवार को दवा दुकानदारों की मीटिंग हुई, जिसमें ऑनलाइन दवा बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ जमकर गुस्सा फूटा। दुकानदारों ने फैसला लिया है कि वे अपनी मांगों को लेकर 20 मई को देशभर में होने वाली हड़ताल में शामिल होंगे और अपनी दुकानें बंद रखेंगे। मां शारदा यात्री निवास में हुई इस मीटिंग में जिलेभर के दवा व्यापारी जुटे। सतना जिला संघ के अध्यक्ष पंडित दीनदयाल तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि बड़े-बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-फार्मेसी बिना किसी जांच-परख के दवाएं बेच रहे हैं। इससे न सिर्फ लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है, बल्कि नियम-कायदों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 20 मई को रात भर बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर दवा व्यापारियों का कहना है कि बड़ी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर बाजार बिगाड़ रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है। इसके विरोध में फैसला लिया गया है कि 19 मई की रात 12 बजे से लेकर 20 मई की पूरी रात तक जिले के सभी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। यानी पूरे 24 घंटे तक दवाओं की बिक्री नहीं होगी। सिविल अस्पताल के सामने प्रदर्शन की तैयारी सिर्फ दुकानें बंद करना ही नहीं, बल्कि 20 मई को सुबह 11 बजे सभी दवा व्यापारी सिविल अस्पताल के सामने जुटेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इस बैठक का संचालन नीरज गर्ग ने किया और सभी व्यापारियों से एकजुट होकर इस बंद को सफल बनाने की अपील की गई। मीटिंग के आखिर में राम भगत त्रिपाठी ने सभी का शुक्रिया अदा किया।
Source link
