चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में रविवार को एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना तेलका-झौड़ा मार्ग पर नहेली मोड़ के पास हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। मृतका की पहचान सलूणी तहसील के गांव भेड़ोई, डाकघर डंडी निवासी सीता देवी पत्नी धर्म चंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनके बेटे दर्शन कुमार अपनी माता को लेकर तेलका से घर लौट रहे थे। नहेली मोड़ के समीप पहुंचते ही चालक दर्शन कुमार वाहन पर नियंत्रण खो बैठे, जिसके परिणामस्वरूप कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालवां पहुंचाया गया।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालवां में उपचार के दौरान सीता देवी ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शन कुमार को बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया है। हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link
