छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनी एक किलोमीटर की सड़क महज कुछ दिन में उखड़ने लगी है। हाथ से डामर की परत निकल रही है। घटिया सड़क निर्माण का स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया है। यह सड़क मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक बनाई गई है। जिसमें मुरूम की जगह मिट्टी बिछाया गया। सड़क बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी निर्माण एजेंसी ने ठेका अतुल शुक्ला को दिया है। जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच भी सड़क की जांच करने पहुंचे थे। देखिए तस्वीरें… ठेकेदार और अफसरों ने मिलकर किया घपला लोगों का आरोप है कि, ठेकेदार ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों के साथ मिलकर सड़क निर्माण में भारी लापरवाही बरती है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है। हालत यह है कि सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और जगह-जगह से गिट्टियां निकलने लगी हैं। हल्का दबाव पड़ते ही सड़क की परत उखड़ रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहा है। सड़क बनाने तय मापदंडों का नहीं किया पालन स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क निर्माण में तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बनाया वीडियो सड़क निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। सड़क की हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने नई बनी सड़क का वीडियो भी बनाया है, जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह से सड़क पर लगी डामर की परतें हाथ से निकल रही है। मुरूम की जगह गिट्टी का इस्तेमाल स्थानीय लोगों का आरोप है कि शासन की लाखों रुपए की राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। जब सड़क बन रही थी तब भी अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। लापरवाही ऐसी कि सड़क के लिए बनाए गए बेस में मुरूम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में सड़क पहली ही बारिश में धंसने की आशंका है। उन्होंने दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोग बोले- सुधार नहीं हुआ तो करेंगे चक्काजाम स्थानीय लोगों ने साफ कहा है कि घटिया निर्माण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सड़क की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण सड़क दोबारा बनाने की मांग उठाई है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विभागीय मॉनिटरिंग और निर्माण कार्यों की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने कहा कि सड़क में सुधार नहीं किया गया तो चक्काजाम कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
Source link
