बरनाला जिले के गांव रूड़ेके कलां निवासी गुरप्रीत सिंह ने 100 रुपए की पंजाब राज्य मासिक लॉटरी जीतकर 25 लाख रुपए का बंपर जैकपॉट अपने नाम कर लिया है। एक निजी कर्मचारी के तौर पर काम करने वाले गुरप्रीत ने मंगलवार शाम यह लॉटरी टिकट खरीदी थी। गुरप्रीत सिंह ने हर बार की तरह किस्मत आजमाने के लिए यह लॉटरी टिकट खरीदी थी। बुधवार सुबह जब लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ, तो गुरप्रीत सिंह के नाम 25 लाख रुपए का इनाम निकलने की पुष्टि हुई। इस खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार पहले से आर्थिक दबाव में था गुरप्रीत सिंह की पत्नी किरण कौर ने बताया कि परिवार पहले से ही आर्थिक दबाव में था। उन्होंने कुछ समय पहले जमीन खरीदने के लिए बैंक, निजी संस्थानों और रिश्तेदारों से लगभग 15 लाख रुपए का कर्ज लिया था। हर महीने किश्तें चुकाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। किरण कौर ने कहा कि इस इनामी राशि से सबसे पहले पूरा कर्ज चुकाया जाएगा, जिससे परिवार को राहत मिलेगी। गुरप्रीत की माता गुरमेल कौर ने बताया कि उन्होंने कभी इतनी बड़ी खुशी की कल्पना नहीं की थी। परिवार कभी-कभार मनोरंजन के लिए लॉटरी खरीदता था, लेकिन इतनी बड़ी रकम जीतना उनके लिए अप्रत्याशित है। परिवार ने यह भी निर्णय लिया है कि कर्ज चुकाने के बाद बची हुई राशि को उनके दोनों बेटों प्रभजीत सिंह और लवप्रीत सिंह की शिक्षा और भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। दोनों बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। इस अवसर पर लॉटरी संचालक उमेश कुमार और टिकट विक्रेता बलविंदर सिंह ने गुरप्रीत सिंह को बधाई दी।
Source link
