नालंदा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीपनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी विधवा महिला ने एक व्यक्ति पर अपनी बेटी को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता की माँ ने पिछले साल 4 दिसंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी की पहचान संजय चौधरी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उत्पाद विभाग, महेशाडीह (बांका) में कार्यरत बताया जा रहा है। आरोप है कि वर्ष 2022 से ही आरोपी ने पीड़िता की नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब लड़की ने विरोध किया, तो आरोपी ने बालिग होने पर शादी करने का वादा किया। लेकिन बालिग होने के बाद जब शादी का दबाव बनाया गया, तो आरोपी आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। शादी के नाम पर 15 लाख की मांग शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि आरोपी ने बाद में शादी के लिए दहेज के रूप में 15 लाख रुपये की मांग की। महिला ने कर्ज लेकर यह राशि आरोपी को दी, जिसका वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया गया है। अब आरोपी न तो शादी कर रहा है और न ही पैसे वापस कर रहा है। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि आरोपी की शादी पीड़िता के साथ तय हुई थी। रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा देकर कई बार संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि दरोगा ने दूसरी युवती से शादी रचा ली है। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने दीपनगर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। जांच के बाद मामला सत्य पाया गया। जिसके बाद बांका जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
Source link
