राजगढ़ जिले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के अपहरण, डकैती और मारपीट मामले में पुलिस ने शुक्रवार को 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी अमित तोलानी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने की अंगूठी, महंगी राडो घड़ी, बैंक दस्तावेज और तीन दोपहिया वाहन सहित करीब 5.97 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि 10 मई को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा भोपाल से कार से राजगढ़ लौट रहे थे। तीज बड़ली और कुरावर के बीच सड़क पर मंजू प्रजापति नाम की महिला ने उनसे लिफ्ट मांगी। परिचित होने के कारण शर्मा ने कार रोक दी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवक अचानक कार में घुस गए और चाकू दिखाकर दीपक शर्मा के साथ मारपीट करते हुए उन्हें बंधक बना लिया। अंगूठी, नकदी, एटीएम कार्ड लूट लिए
बदमाशों ने उनसे राडो कंपनी की घड़ी, सोने की अंगूठी, नकदी, एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें सीहोर क्षेत्र में ले गए, जहां उनके खाते से रुपए भी
निकलवाए गए। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर कई घंटे तक उन्हें अपने कब्जे में रखा। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना कुरावर में अपहरण, डकैती, मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी सीहोर में ईदगाह के सामने मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सात आरोपियों को पकड़ा
गिरफ्तार आरोपियों में देवा वंशकार उर्फ देवराज, रविंद्र जीत डग उर्फ काके, अदनान खान, कृष्णा यादव उर्फ बघीरा उर्फ सनी, तरुण मेवाड़ा, रितिक वाल्मीकि उर्फ खरे और मंजू प्रजापति शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ आरोपियों पर पहले से हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों से 67 हजार रुपए नकद, फरियादी की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, दो चेक, करीब 1.20 लाख रुपए कीमत की राडो घड़ी, डेढ़ लाख रुपए कीमत की सोने की अंगूठी, चांदी का लॉकेट, धारदार हथियार और तीन दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। पूरे मामले में कुरावर थाना, नरसिंहगढ़ थाना, सीहोर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। एसपी अमित तोलानी ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
