नूंह जिले में एक 75 वर्षीय व्यक्ति पर कई महिलाओं से शादी कर उनका शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पश्चिम बंगाल की एक पीड़ित महिला ने दावा किया है कि आरोपी कुछ समय बाद महिलाओं को तलाक दे देता है और अब आरोपी सातवीं शादी की तैयारी कर रहा है। पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आसनसोल, पश्चिम बंगाल की मूल निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रही पीड़िता ने नूंह एसपी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी विधवा और मजबूर महिलाओं को झांसे में लेकर उनसे निकाह करता है। फोन पर दिया तलाक इसके बाद उन्हें गांव लाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके सहित लगभग आधा दर्जन महिलाओं के साथ ऐसा कर चुका है। पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले जब वह पश्चिम बंगाल में अपने मायके गई थी, तब आरोपी ने उसे फोन पर तलाक दे दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अब एक और नई शादी की तैयारी कर रहा है। महिला बोली- आरोपी का बेटा नशे के कारोबार से जुड़ा महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसका बेटा नशा बेचने के कारोबार से जुड़े हैं और गरीब तथा बेसहारा महिलाओं को बहला-फुसलाकर अपने पास लाते हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी के पहली पत्नी से सात बच्चे भी हे । पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उसने आशंका जताई है कि यदि आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य महिलाओं का जीवन भी प्रभावित हो सकता है। एसपी ने डीएसपी को सौंपी जांच इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि शिकायत की जांच महिला थाना डीएसपी को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
