उज्जैन के उन्हेल में किन्नर के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाश किन्नर को घायल करने के बाद 3.5 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। वारदात को तीन आरोपियों ने अंजाम दिया। घटना में किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे उज्जैन रेफर किया गया। कविता किन्नर उन्हेल में अपने चेले मिष्टी के साथ रहती हैं। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे कविता के घर में तीन लोग धारदार हथियार लेकर दाखिल हुए। कविता ने बताया कि छत के रास्ते तीनों घर में घुसे। अंदर आते ही मेरे साथ मारपीट की। इसके बाद मुझे एक कमरे में बंद कर दिया। फिर बाहर निकालकर डंडे से दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान मेरा चेला मिष्टी भी उठ गया। बदमाशों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गया। कविता ने बताया कि बदमाश घर में रखे 3.5 लाख रुपए नकद, पायजेब और एक मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि देर रात मारपीट की सूचना मिली थी। एक घायल को गंभीर अवस्था में उज्जैन पहुंचाया गया। फिलहाल लूट की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
Source link
