चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ऑपरेशन सेल की टीम ने पंजाब के कपूरथला में गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी और उसकी हत्या के मुख्य गवाह गोपी निज्जर हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली एएसआई केशव दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी अजय कुमार उर्फ जोबन और प्रभजोत समेत तीन लोगों के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल और एक .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस पर किए 5 राउंड फायर ऑपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि गोपी निज्जर हत्याकांड में वांछित आरोपी सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब पांच राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मौके से हथियार और सबूत जुटाए घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सबूत कब्जे में लिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और कई गंभीर मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गैंग नेटवर्क और शहर में संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Source link
