पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सब डिवीजन सिटी मोगा पुलिस ने 13 से 19 मई के बीच विभिन्न मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल ने दी। एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 83 ग्राम हेरोइन और 51 नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने छीने गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मोबाइल छीनने के मामले में गांव कालिएवाला निवासी रंजीत सिंह उर्फ बोबी और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया गया है। SSP बोले- पुलिस असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही एसएसपी चाहल ने बताया कि मोगा पुलिस नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसका उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना है। पुलिस अधिकारियों को नशा बेचने वालों और ऐसे गिरोहों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस केवल कार्रवाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जिले के संधुआवाला, एम.पी. बस्ती लंढेके, सद्दा सिंह वाला, बुक्कनवाला, महेशरी संधुआ, डरोलीभाई और डगरू गांवों में आम बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करों, संदिग्ध व्यक्तियों या किसी संदिग्ध वस्तु के बारे में जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Source link
