जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिला कलेक्टर के सामने रखी। जिला कलेक्टर सुशील कुमार ने प्रत्येक परिवादी से संवेदनशीलता के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर कई मामलों में त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट आगामी तीन सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और परिवादियों को संतोषजनक समाधान प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवादी को संतुष्टि मिलनी चाहिए। उन्होंने निचले स्तर तक सभी कार्मिकों को परिवादियों से संवाद स्थापित कर समाधान की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। इस जनसुनवाई में एडीएम भुवनेश्वर सिंह चौहान, एसीईओ हीराराम कलबी, एएसपी हरफूल सिंह, एसडीएम राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
Source link
