मोहाली में वीरवार सुबह तेज गर्मी और मौसम में बदलाव के बीच एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। यह हादसा 7 फेज से मटौर जाने वाले मुख्य रास्ते पर हुआ, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद बाइक सवार और कार चालक मौके पर ही फंस गए। कई लोगों को वापस लौटकर दूसरे रास्तों से जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क फेज-7, मटौर और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाला अहम मार्ग है, जहां दिनभर ट्रैफिक बना रहता है। ऐसे में सड़क बंद होने से लोगों का समय भी खराब हुआ और ट्रैफिक दबाव अन्य सड़कों पर बढ़ गया। पेड़ काफी पुराना है प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेड़ काफी पुराना था और पिछले कुछ समय से इसकी शाखाएं कमजोर दिखाई दे रही थीं। वीरवार को अचानक पेड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई बड़ा वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया गया। कर्मचारियों ने सड़क से पेड़ हटाने का काम शुरू किया ताकि ट्रैफिक दोबारा बहाल किया जा सके। हालांकि, काफी देर तक रास्ता बाधित रहा। पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे मोहाली में तेज आंधी और पुराने पेड़ों के गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पिछले साल भी कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हुई थीं और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी। शहर में बड़ी संख्या में पुराने और भारी पेड़ सड़क किनारे लगे हुए हैं, जिनकी समय-समय पर छंटाई नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने उठाई नियमित जांच की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों की नियमित जांच कराई जाए। साथ ही समय रहते उनकी छंटाई की जाए ताकि बारिश और आंधी के मौसम में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Source link
