मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में शुक्रवार सुबह मोर्निग वॉक पर निकले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश की जनता, शीर्ष नेतृत्व, सेना और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना अब राहुल गांधी की आदत बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च कर रही है। लेकिन वे हर बार विफल हो रहे है। इस कारण राहुल गांधी इस समय पूरी तरह हताश (फ्रस्ट्रेशन) हो चुके हैं और उनकी यह हताशा अब सबके सामने साफ दिखाई दे रही है। ‘देश की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए राहुल गांधी को’
सीएम शर्मा ने राहुल गांधी के राजनीतिक करियर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बार-बार राजनीतिक मंचों पर लॉन्च किया जा रहा है, लेकिन वे हर बार असफल हो जाते हैं।
इसी विफलता के कारण वे देश के नेतृत्व और संस्थाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी जिस तरह के शब्दों का हमेशा उपयोग करते हैं, उसके लिए उन्हें देश की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। ‘राहुल गांधी के बयानों की वजह से कांग्रेस सिमटी’
कांग्रेस के गिरते राजनीतिक ग्राफ पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने नसीहत दी कि राहुल गांधी को अपने अंदर झांककर देखना चाहिए कि आज उनकी पार्टी की यह दुर्गति क्यों हुई है। जो कांग्रेस पार्टी कभी देश में पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक राज करती थी, वह आज राहुल गांधी के इन्हीं कर्मों और बयानों की वजह से सिमटकर रह गई है। उन्हें इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। ‘जनता से चुनाव के जरिए दिया है करारा जवाब’
सीएम शर्मा ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी भले ही खुद को देश की जनता से बड़ा समझते हों, लेकिन भारत की जनता उनके हर बयान और अपमान का जवाब देना अच्छी तरह जानती है। देश की जनता ने हमेशा चुनाव के माध्यम से उनके इन बयानों का करारा जवाब दिया है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी मानसिकता को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
Source link
