भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बढ़ते अपराध, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में इंडो-नेपाल बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रभारी डीएम संजीव कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान दोनों देशों के प्रशासनिक, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा को मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई चलाने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, नेपाल के रौतहट, सर्लाही और महोत्तरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 51वीं और 20वीं वाहिनी के कमांडेंट सहित कई अन्य अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए। चर्चा के दौरान भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय जाली नोट गिरोह, अवैध हथियारों की तस्करी, ड्रग्स एवं नारकोटिक्स कारोबार, शराब, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की सीमा पार तस्करी पर रोक लगाने के उपायों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाकों में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमा का दुरुपयोग रोका जा सके। दोनों देशों के अधिकारियों ने मोस्ट वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं विदेशी नागरिकों की अवैध आवाजाही पर रोक लगाने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए विशेष रणनीति तैयार की। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, मानव तस्करी, ड्रग्स तस्करी, सीमा स्तंभों की सुरक्षा, नो मैंस लैंड में अतिक्रमण और सीमा क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में नेपाल के महोत्तरी के चीफ जिला ऑफिसर इंद्र देव यादव, सर्लाही के सीडीओ रामू राज कादरिया, रौतहट के सीडीओ दिनेश सागर भुसाल, बीरगंज के आईसीएस मनीष कुमार दास, एसएसबी 51वीं बटालियन के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह, 20वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट बिरजू रजक समेत दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
