जोधपुर पूर्व पुलिस के दो सजग कॉन्स्टेबलों ने आयुष मंत्रालय की भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले एक बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई है। कोटा पुलिस को इस इनामी अपराधी की लंबे समय से तलाश थी और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह बदमाश अपनी कार से जोधपुर के भदवासिया फ्रूट मंडी इलाके से गुजर रहा था, तभी गश्त कर रहे पुलिस जवानों ने नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया। बाद में इसे कोटा की आरके पुरम थाना पुलिस को सौंप दिया गया। दरअसल, जोधपुर पूर्व के महामंदिर थाने के कॉन्स्टेबल राकेश सिंह और बनाड़ थाने के कॉन्स्टेबल माणकचन्द मूंड गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से इस वांछित अपराधी के जोधपुर में होने की सटीक सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी अपने एक साथी के साथ सफेद रंग की कार में सवार होकर भदवासिया फ्रूट मंडी की तरफ आ रहा है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए दोनों जवानों ने फ्रूट मंडी तिराहे पर सघन नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रुकवाकर जब पूछताछ की गई तो उसमें सवार व्यक्ति की पहचान करौली के थाना महावीरजी के बिनेगा निवासी अशोक मीणा (31) पुत्र मुल्याराम के रूप में हुई। जोधपुर पुलिस ने उसे तुरंत डिटेन कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में कॉन्स्टेबल राकेश सिंह की विशेष भूमिका रही। आयुष मंत्रालय की एमटीएएस परीक्षा में कराई थी नकल आरोपी अशोक मीणा ने बीते वर्ष 27 नवंबर 2025 को कोटा के बीएसएनएल सर्किल स्थित एक ऑनलाइन आईटी एजुकेशन सेंटर पर आयोजित भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली की थी। यह परीक्षा सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेदिक साइंसेज में एमटीएस के पदों के लिए आयोजित की जा रही थी। कोटा पुलिस की तत्कालीन कार्रवाई के दौरान परीक्षा केंद्र से भारी मात्रा में नकल सामग्री, तकनीकी उपकरण और प्रश्नपत्र के हल की प्रिंट कॉपियां बरामद हुई थी। जब इन कॉपियों का मिलान मूल प्रश्नपत्र से किया गया, तो बड़ी संख्या में उत्तर हूबहू मेल खा रहे थे। नए कानून और एंटी-चीटिंग एक्ट में दर्ज है मामला इस बड़े नकल प्रकरण का भंडाफोड़ होने के बाद कोटा की आरके पुरम थाना पुलिस ने संगठित गिरोह के कई सदस्यों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मास्टरमाइंड अशोक मीणा फरार चल रहा था। पुलिस ने इसके खिलाफ आईटी एक्ट और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत मामला दर्ज कर रखा था। जोधपुर पुलिस से डिटेन करने की सूचना मिलते ही कोटा से पुलिस टीम जोधपुर पहुंची और आवश्यक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Source link
