मंदसौर जिले के पिपलियामंडी नगर में सोमवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मनासा मार्ग और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे तथा शासकीय नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान दुकानों के सामने बनाए गए शेड और अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और नालों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था तथा आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए चिन्हित अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ की गई है, जो आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन और व्यापारियों के बीच हुई बहस
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बृजेश मालवीय और कुछ स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों के बीच बहस भी देखने को मिली। हालांकि प्रशासनिक अमले ने पूरी सख्ती के साथ अभियान जारी रखा और चिन्हित अतिक्रमणों को हटाया गया। सोमवार दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह भी यह अभियान पुनः शुरू किया जाएगा। नगर के प्रमुख मार्गों पर प्रशासन की नजर
मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पिपलियामंडी में शासन-प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सड़क किनारे एवं शासकीय नालों पर किए गए पक्के अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्राथमिकता है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और आमजन को सुविधा मिल सके। तहसीलदार बोले- अभियान आगे भी रहेगा जारी
तहसीलदार बृजेश मालवीय ने बताया कि नगर के मुख्य मार्गों पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। प्रशासन ने ऐसे अतिक्रमणों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान मल्हारगढ़ एसडीएम स्वाति तिवारी, तहसीलदार बृजेश मालवीय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रवीण सेन, चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौर सहित पुलिस बल, नगर परिषद और संबंधित विभागों का अमला मौजूद रहा।
Source link
