मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित राधापुरम स्टेट सेक्टर-1 में सोमवार को एक मकान तोड़ने के दौरान हादसा हो गया। मकान का छज्जा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राधापुरम स्टेट सेक्टर-1 के मकान संख्या-20 में पिछले लगभग एक महीने से मरम्मत और तोड़फोड़ का काम चल रहा था। भवन मालिक मरम्मत के कारण अस्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए थे। सोमवार सुबह मजदूर मकान की दीवार और छज्जे को तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान नीचे से ईंटें हटाई जा रही थीं कि अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे में देवीपुरा, थाना हाईवे निवासी ताराचन्द्र (उम्र करीब 45 वर्ष) मलबे में दब गए। उनके साथ देवीपुरा के किराये के मकान में रहने वाले मिथलेश उर्फ पंकज (उम्र करीब 40 वर्ष) भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ताराचन्द्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मिथलेश का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह और चौकी प्रभारी राधापुरम उपनिरीक्षक रोहन कुचालिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
Source link
