कैट चौराहा स्थित मोक्ष ट्रेडर्स पर गुरुवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2745 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। कार्रवाई के दौरान जब दुकान संचालक ने ताला खोलने से इनकार कर दिया और चाबी नहीं होने का बहाना बनाया, तो निगम टीम ने आरी से ताला कटवाकर अंदर प्रवेश किया। यह कार्रवाई जोन क्रमांक-21 के वार्ड क्रमांक-79 में स्थित फैमिली कलेक्शन (मोक्ष ट्रेडर्स) पर की गई। कार्रवाई अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी अवधनारायण सिंह के नेतृत्व में हुई। नगर निगम अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दुकान में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का भंडारण किया गया है। टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन संचालक ने सहयोग नहीं किया। इसके बाद पंचनामा बनाकर आरी से ताला कटवाया गया। तलाशी के दौरान 2745 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। दुकान सील, एक लाख की पेनल्टी जब्त की गई पॉलीथिन को कार्रवाई के बाद नेप्रा प्लांट भेजा गया। निगम टीम ने मोक्ष ट्रेडर्स को सील करते हुए एक लाख रुपए की पेनल्टी भी लगाई है। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अवधनारायण सिंह, सीएसआई विजय यादव, एसीएसआई रवि सिंह, वार्ड सहायक दरोगा मिंटू कल्याणे सहित निगम की टीम मौके पर मौजूद रही।
Source link
