इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पटाखा कारोबारी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच करते हुए एक व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में आरोपी के बेटे की भूमिका भी जांच के दायरे में है। राजेंद्र नगर पुलिस के एसआई राजेश सोहनी के मुताबिक फरियादी सुरेश फेरवानी निवासी रीजनल पार्क ने शिकायत दर्ज कराई थी। सुरेश ‘रवि फायर वर्क्स’ के नाम से पटाखों का थोक कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सितंबर-अक्टूबर 2025 के दौरान गड्ढा पुलिया क्षेत्र निवासी अविनाश जैन ने अहिल्या मार्केट में दुकान लगाई थी। इसी दौरान 24 सितंबर से 24 अक्टूबर के बीच दोनों के बीच करीब 31 लाख 58 हजार रुपए का पटाखा कारोबार हुआ। सुरेश के मुताबिक अविनाश जैन ने करीब 16 लाख रुपए बाद में देने की बात कही थी। इसे लेकर लिखापढ़ी भी हुई थी। चूंकि अविनाश पिछले तीन-चार वर्षों से उनकी दुकान से माल खरीद रहा था, इसलिए भरोसे के चलते उसे उधार में माल दे दिया गया। फरियादी का आरोप है कि लगातार तकादा करने के बावजूद आरोपी भुगतान टालता रहा। बाद में उसने रकम देने से ही इनकार कर दिया। पिछले एक महीने से सुरेश लगातार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुरेश फेरवानी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। जांच एसआई राजेश सोहनी को सौंपी गई। दस्तावेज, बिल और लेनदेन की जानकारी की जांच के बाद पुलिस ने अविनाश जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब आरोपी के बेटे की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Source link
