मुख्य बातें

वसुंधरा राजे से मिलने पहुंचीं ‘हमारी बेटी योजना’ की बेटियां: शादी का दिया न्योता, पूर्व सीएम ने गले लगाकर दिया आशीर्वाद – jhalawar News

वसुंधरा राजे से मिलने पहुंचीं ‘हमारी बेटी योजना’ की बेटियां:  शादी का दिया न्योता, पूर्व सीएम ने गले लगाकर दिया आशीर्वाद – jhalawar News

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार रात झालावाड़ पहुंचीं, जहां उन्होंने भाजपा नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की। इन राजनीतिक गतिविधियों के बीच सबसे भावुक पल तब आया, जब ‘हमारी बेटी योजना’ के तहत गोद ली गई दो बहनें- कल्पना और पूजा कुमारी, अपने परिवार के साथ राजे को शादी का निमंत्रण देने डाक बंगले पहुंचीं। राजे ने दोनों बेटियों को गले लगाकर आशीर्वाद दिया और शादी में आने का आश्वासन भी दिया। वहीं, सोमवार को राजे अपने बेटे सांसद दुष्यंत सिंह की खानपुर विधानसभा में निकलने वाली चार दिवसीय पदयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी।
झालावाड़ पहुंचीं वसुंधरा राजे, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत रविवार रात झालावाड़ के डाक बंगले पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने वसुंधरा राजे का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी भी उनसे मिलने पहुंचे। डाक बंगले में संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर बैठक आयोजित हुई, जिसमें कई भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। राजे के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिला कलेक्टर और एसपी सहित कई अधिकारियों ने डाक बंगले पहुंचकर गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। 11 से 14 मई तक चलेगी दुष्यंत सिंह की पदयात्रा सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा खानपुर विधानसभा क्षेत्र में 11 से 14 मई तक आयोजित होगी। इस दौरान सांसद लगातार चार दिन तक क्षेत्र में रहकर आमजन से संवाद करेंगे। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। भाजपा संगठन इसे आगामी राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मान रहा है।

‘हमारी बेटी योजना’ की बेटियों से मिल भावुक हुईं राजे राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। मनोहरथाना क्षेत्र के बनेठ गांव की दो बहनें-कल्पना कुमारी और पूजा कुमारी, अपने परिवार के साथ डाक बंगले पहुंचीं। दोनों बहनों का चयन वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ‘हमारी बेटी योजना’ के तहत किया गया था। वर्ष 2015 में कल्पना कुमारी और 2016-17 में उनकी छोटी बहन पूजा कुमारी को योजना के तहत गोद लिया गया था। अब कल्पना कुमारी थर्ड ग्रेड टीचर बन चुकी हैं और उनकी शादी 15 मई को होने जा रही है। वहीं पूजा कुमारी ने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर ली है। दोनों बहनों ने राजे और सांसद दुष्यंत सिंह को शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा। वर्षों बाद दोनों बेटियों को सफल और आत्मनिर्भर देखकर राजे भी भावुक नजर आईं। उन्होंने शादी में शामिल होने का आश्वासन देते हुए दोनों को आशीर्वाद दिया। कई भाजपा नेता और अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, भाजपा नेता ओम जांगिड़, रतन यादव, नरेंद्र सिंह, पूर्व सरपंच नारायण सिंह झाला सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। इसके अलावा सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, पीडब्ल्यूडी एसई मुकेश मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *