कैथल में नगरपालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल लगातार जारी है। हड़ताल के चलते शहर में सफाई का कार्य नहीं हो रहा, जिससे जगह जगह गंदगी और कूड़े के बड़े बड़े ढेर लग गए हैं। आलम ये है कि शहर की मुख्य सड़कों पर अब वाहनों से ज्यादा कूड़े के ढेर नजर आ रहे हैं। सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। नगर परिषद के गेट के बाहर कूड़ा जिस नगर परिषद पर पूरे शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी है, उसी के मुख्य गेट के सामने कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गेट के ठीक सामने गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान महिला सफाई कर्मचारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारी वर्षा, सीमा, सुनीता, रवि, विक्की व अन्य ने कहा कि ठेकेदारी प्रथा के नाम पर उनका शोषण किया जा रहा है। समय पर वेतन न मिलने से उनके घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। उनको हर बार झूठा आश्वासन देकर हड़ताल खत्म करवा दी जाती है, लेकिन इस बार वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा, उनको अपनी मांगों का ठोस समाधान चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को पक्का करने और 27 हजार रुपए वेतन देने की मांग की। आंदोलन की चेतावनी दूसरी ओर सफाई व्यवस्था ठप होने से शहर की मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों पर कचरा फैल चुका है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि भीषण गर्मी में कचरे की बदबू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो आने वाले दिनों में पूरे शहर की सड़कों पर कूड़े के ढेरों नजर आएंगे। वे हड़ताल को आंदोलन का रूप देंगे।
Source link
