देवास जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बरोठा पुलिस ने सोमवार को एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वह बिना नंबर की बाइक पर घूम रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक खोकरिया से बरोठा की ओर काले रंग की बिना नंबर की बाइक से जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। इस सूचना पर बरोठा थाना पुलिस ने सुल्पाखेड़ा चौराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम बामनिया (25) निवासी बरखेड़ी, थाना बरोठा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने हथियार के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी शुभम बामनिया के खिलाफ बरोठा थाने में आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी सविता सिंह जाटव और उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link
