मुख्य बातें

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: कृपाण पहनने पर युवक को एग्जाम सेंटर से निकाला, विजिलेंस हेडक्वार्टर पर CBI रेड, साइको किलर का एनकाउंटर – Punjab News

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  कृपाण पहनने पर युवक को एग्जाम सेंटर से निकाला, विजिलेंस हेडक्वार्टर पर CBI रेड, साइको किलर का एनकाउंटर – Punjab News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर विजिलेंस हेडक्वार्टर पर CBI की रेड से जुड़ी रही। टीम ने 20 लाख रुपए रिश्वत केस में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। 9 लाख रुपए कैश मिला।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पंजाब विजिलेंस हेडक्वार्टर पर CBI रेड, होटल में ₹20 लाख की डील पकड़ी

पंजाब विजिलेंस हेडक्वार्टर पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की टीम ने रेड की। सोमवार देर रात छापा मारने के बाद टीम मंगलवार सुबह दोबारा पंजाब विजिलेंस चीफ के दफ्तर पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम एक रिश्वत केस में जांच कर रही है।

इससे पहले CBI ने चंडीगढ़ के पांच सितारा होटल में छापा मारा था, जहां ₹20 लाख की डील को पकड़ा था। यहां से पुलिस ने डीजी विजिलेंस के रीडर ओ.पी. राणा के बिचौलिए को गिरफ्तार किया, लेकिन गनमैन से मिली सूचना के बाद बाकी के लोग भाग निकले थे।

इसके बाद CBI ने पीछा कर दो आरोपियों को पंजाब-हरियाणा सीमा पर अंबाला के पास से पकड़ लिया। पंजाब विजिलेंस के अधिकरी शरद सत्यम चौहान ने कहा कि प्राइवेट लोगों की गिरफ्तारी हुई है, सीबीआई जांच कर रही है। विजिलेंस पूरा सहयोगी करेगी, जब विजिलेंस चीफ से रीडर OP राणा के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पंजाब का साइको किलर यूपी में मारा गया, 26 घंटे में 3 कत्ल किए थे

पंजाब के तरनतारन का रहने वाला साइको किलर यूपी पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया। उसने चलती ट्रेन और अस्पताल में 3 हत्याएं की थीं। चंदौली के SP आकाश पटेल ने बताया- पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस अफसर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसे सिर और सीने में गोली लग गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 45 साल के गुरप्रीत सिंह ने चंदौली में 26 घंटे के भीतर बेवजह 3 हत्याएं की थीं। तीनों वारदातों का पैटर्न एक जैसा था-गोली सीधे कनपटी पर मारी गई थी।

पहली हत्या-रविवार सुबह करीब 7 बजे पैसेंजर ट्रेन में एक युवक को गोली मार दी। दूसरी हत्या- रविवार रात 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में बाथरूम गए युवक को गोली मार दी। तीसरी हत्या-सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे प्राइवेट अस्पताल में घुसकर बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी। आरोपी जवाब में उसने कहा- मैं मन का राजा हूं। शराब पीने के बाद मैं होश में नहीं रहता। घूम-घूमकर जो मन में आता है, करता हूं। एक नहीं, दो-तीन को मारकर आया हूं। (पढ़ें पूरी खबर)

3. पत्नी बोली- तू मर क्यों नहीं जाता, पति ने नहर में लगाई छलांग

पठानकोट में पत्नी के अवैध संबंधों से परेशान एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि पत्नी उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और ताने मारते हुए कहती थी कि तू मर क्यों नहीं जाता। इससे वह काफी परेशान रहने लगा था। उसका प्रेमी भी धमकियां दे रहा था।

परिजनों के अनुसार, मानसिक तनाव के चलते वह 6 मई की आधी रात को घर से बिना बताए निकल गया। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। करीब चार दिन बाद 10 मई को गांव वालों ने नहर में एक शव बहता देखा और इसकी सूचना परिवार को दी।

परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान रमेश पाल (46) के रूप में हुई है, जो हलवाई का काम करता था। मामले में पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर पत्नी जसवंती उर्फ ललिता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका कथित प्रेमी शिवा, निवासी गांव मराड़ा बहिरामपुर (गुरदासपुर), अभी फरार है। परिवार का आरोप है कि शिवा अक्सर सोशल मीडिया के जरिए जसवंती के संपर्क में रहता था। (पढ़ें पूरी खबर)

4, खेतों पर ठहर सकेंगे देशी-विदेशी मेहमान, किसान कमाई करेंगे

पंजाब के खेत फसल उगाने के अलावा भी किसानों की आय का मुख्य जरिया बन सकेंगे। पंजाब सरकार ने फार्म स्टेट पॉलिसी-2026 लॉन्च कर दी। किसान खेतों में पर्यटकों को होमस्टे उपलब्ध करवाकर पैसे कमा सकेंगे।किसान अपनी कृषि भूमि पर पर्यटकों के लिए ठहरने, खाने और ग्रामीण अनुभव देने की सुविधा शुरू कर सकेंगे।

सरकार का लक्ष्य है कि फार्म स्टे के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए, महिलाओं-युवाओं को रोजगार मिले और किसानों की आय में बढ़ोतरी हो। यह नीति उन किसानों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है जो परंपरागत खेती के साथ-साथ नई आय के स्रोत ढूंढ रहे हैं।

फार्म स्टे के लिए कम से कम 2 कमरे और अधिक से अधिक 9 कमरे बनाए जा सकेंगे। मकान दो मंजिल और 9 मीटर से ज्यादा ऊंचा नहीं बनाया जा सकता है। फार्म स्टे में एक बार में 18 से ज्यादा लोगों को स्टे नहीं करवाया जा सकेगा। वहीं मालिक या उसके परिवार को भी वहां पर रहना जरूरी होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

5. मोहाली में युवती से गैंगरेप, नौकरी का झांसा देकर फ्लैट पर ले गया

मोहाली के खरड़ में एक युवती से 2 युवकों ने गैंगरेप किया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसे नौकरी और किराए के फ्लैट का झांसा देकर एक फ्लैट में ले जाया गया, जहां उसके साथ गैंगरेप हुआ। पीड़िता राजस्थान की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर का काम करती है।

उसके पिता बीमार रहते हैं। साल 2024 में वह चंडीगढ़ आई थी, जहां उसकी पहचान मोहाली की एक युवती से हुई थी। 4 मई को वह अपनी बड़ी बहन के साथ काम की तलाश में मोहाली दोस्त के पास आई थी। जिसने बताया कि खरड़ में किराए के मकान सस्ते हैं और नौकरी आसानी से मिल सकती है।

6 मई को दोपहर करीब 2 बजे पीड़िता खरड़ में नौकरी और किराए के मकान की तलाश में पहुंची। शाम करीब 6 बजे वह सेक्टर 124 में खड़ी थी, तभी एक बाइक सवार युवक वहां आया और उससे बातचीत शुरू की। युवक ने अपना नाम अशोक बताया। पीड़िता ने कहा कि अशोक और जय सिंह ने उसकी इच्छा के खिलाफ उसे अगली पूरी रात भी फ्लैट में रखा और उसके साथ गैंगरेप किया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. 10वीं बोर्ड टॉपर्स व पेरेंट्स से मिले CM मान, स्कॉलरशिप के चेक सौंपे

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने 10वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पहले तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सीएम ने उन्हें स्कॉलरशिप के चेक दिए।

सीएम ने 99.38% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल करने वाली हरलीन शर्मा और 99.23% अंकों के साथ दूसरे रहे मनीमहेश शर्मा व तीसरे स्थान पर रही रीया रानी को विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से पूरे पंजाब का नाम रोशन हुआ है।

सीएम ने कहा कि सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि हर बच्चे को आगे बढ़ने का समान मौका मिल सके। वहीं, टॉपर्स ने कहा कि सीएम से मिलकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी मेहनत कर पंजाब का नाम रोशन करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पिकअप-ई-रिक्शा की टक्कर, दादी-पोता समेत 3 की मौत

अबोहर के गांव रामसरा के पास पिकअप और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में महिला, उसके पोते और ई-रिक्शा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की बहू और पोती घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव रामसरा निवासी करीब 60 वर्षीय देवकी, उनकी बहू पूनम और उनके दो बच्चे – 4 वर्षीय परमीश व डेढ़ वर्षीय रितिका अबोहर के अजीमगढ में एक शोक सभा में शामिल होने गए थे। वे वहां से अपने गांव रामसरा लौट रहे थे। वापस लौटते समय, वे अबोहर के ई-रिक्शा ड्राइवर दीपक स्वामी के रिक्शा में सवार थे।

जब वे गांव रामसरा के निकट एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप का संतुलन सड़क पर बने गड्ढे के कारण बिगड़ गया। पिकअप सीधे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे। (पढ़ें पूरी खबर)

8. चंडीगढ़ रेहड़ी-फड़ी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की निगम को फटकार

चंडीगढ़ में रेहड़ी-फड़ी और अवैध वेंडरों के मुद्दे पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान चंडीगढ़ के होम सेक्रेटरी मंदीप बराड़, डीसी निशांत शर्मा और मेयर सौरभ जोशी कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर उनके घरों के सामने कोई तंदूर लगाकर बैठ जाए तो क्या वे उसे हटाएंगे नहीं।

कोर्ट ने टिप्पणी की कि पूरे शहर को स्लम बना दिया गया है और अवैध वेंडरों को जल्द हटाया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने वेंडिंग व्यवस्था और लंबित अपीलों को लेकर भी सवाल उठाए। अदालत ने पूछा कि जब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तय समय सीमा में मामलों का निपटारा कर सकता है, तो नगर निगम स्तर पर अपीलें लंबित क्यों हैं।

मेयर सौरभ जोशी ने कोर्ट को बताया कि 150 से ज्यादा अपीलें लंबित हैं और सभी पक्षों को नोटिस जारी कर सुनवाई करना जरूरी है, इसलिए समय लग रहा है। कोर्ट ने कहा कि चंडीगढ़ कभी “सिटी ब्यूटीफुल” के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब शहर की हालत स्लम जैसी हो गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. मानहानि केस में सुखबीर बादल चंडीगढ़ कोर्ट में पेश

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को 8 साल पुराने मानहानि मामले में चंडीगढ़ जिला कोर्ट पेश हुए। सुनवाई के दौरान उन्होंने कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इससे पहले उन्होंने पारिवारिक कारणों से पेशी से छूट की अर्जी दी थी, लेकिन बाद में कोर्ट पहुंच गए।

यह मामला 2017 का है। अखंड कीर्तनी जत्था के प्रवक्ता राजिंदर पाल सिंह ने सुखबीर बादल के खिलाफ IPC की धारा 499 के तहत मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि 4 जनवरी 2017 को अरविंद केजरीवाल के राजिंदर पाल सिंह के घर जाने के बाद सुखबीर बादल ने मीडिया में अखंड कीर्तनी जत्था को प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का राजनीतिक मोर्चा बताया था।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बयान से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा। इससे पहले 17 दिसंबर 2025 को अदालत में पेश न होने पर कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। बाद में पेश होने पर उन्हें दोबारा जमानत मिल गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से…

10. कनाडा पुलिस भर्ती परीक्षा में सिख को नहीं बैठने दिया, कृपाण उतारने को कहा

कनाडा के विन्निपेग शहर में एक सिख युवक को पुलिस भर्ती परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया। एग्जामिनर ने युवक से कृपाण उतारकर परीक्षा केंद्र में आने को कहा, लेकिन उसने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए कृपाण उतारने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया गया।

युवक की पहचान जसपाल सिंह गिल के रूप में हुई है। उसका कहना है कि कृपाण उसकी आस्था का प्रतीक है और वह इसे नहीं उतार सकता। अब वह इस मामले की शिकायत कनाडा के मानवाधिकार आयोग में करने की तैयारी कर रहा है। यह घटना कुछ दिन पहले की है, लेकिन अब जसपाल मीडिया के सामने आया है। वहीं, विन्निपेग पुलिस ने भी मामले में अपनी सफाई जारी की है।

जसपाल ने बताया कि उसके दादा और पिता भारत में पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। उनसे प्रेरित होकर उसने भी पुलिस सेवा में जाने का सपना देखा। वह 2021 में भारत से कनाडा गया था और 2024 में वहां का स्थायी निवासी (PR) बना। पिछले साल वह नौकरी के लिए विन्निपेग शिफ्ट हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात )



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *