शिमला जिले में महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में स्टाफ की कमी के कारण अव्यवस्थाएं उत्पन्न हो गई हैं। यह अस्पताल चार जिलों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, लेकिन मौजूदा स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को एक इंजेक्शन लगवाने या सामान्य सेवा प्राप्त करने के लिए एक-एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्टाफ की कमी के कारण नर्सों पर अत्यधिक कार्यभार बढ़ गया है, जिससे सेवाओं में देरी हो रही है। चार-चार वार्डों के मरीजों की देखभाल कर रही एक नर्स शाम के समय अस्पताल में स्थिति और भी खराब हो जाती है। जानकारी के अनुसार, एक ही नर्स को चार-चार वार्डों के मरीजों की देखभाल करनी पड़ती है। इसके परिणामस्वरूप, मरीजों को समय पर दवाइयां और उपचार नहीं मिल पा रहा है। तीमारदारों को नर्सिंग स्टाफ को ढूंढने के लिए वार्डों में भटकना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि खनेरी अस्पताल पर शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिलों के मरीज निर्भर करते हैं। सुविधाओं और कर्मचारियों की कमी के कारण उन्हें उचित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
Source link
