कासगंज में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के महोबा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सांत्वना पाराशर के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की अभद्र और अमर्यादित भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है। महिला कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि ऐसे बयानों से आम जनता, विशेषकर महिलाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए। इस प्रदर्शन में विजय लक्ष्मी कश्यप, हिना सिंह, विजय वर्मा, सुधा शाक्य, अंजली राणा, पूनम यादव, नीलम सोलंकी, संध्या शर्मा, मीना उपाध्याय, शकुन्ता भण्डारी, निम्मी सैनी, अनीता मेघवाल, गुली माहेश्वरी, रेखा, ज्योति चौधरी और लता भाल सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Source link
