मंडी जिले की उपतहसील मकरीडी के तहत ग्राम पंचायत लांगणा के बन गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान बन गांव निवासी 35 वर्षीय दलेर सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बस्सी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय घर से करीब 400 मीटर दूर खेतों के बीच एक पेड़ से शव लटका देखा। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह किसी प्रवासी मजदूर का शव हो सकता है, लेकिन पास जाने पर उसकी पहचान स्थानीय निवासी दलेर सिंह के रूप में हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया। बताया जा रहा है कि मृतक दलेर सिंह शादीशुदा था और वह अकसर अपने ससुराल में रहता था। वह लगभग छह महीने पहले ही अपने पैतृक गांव बन वापस आया था। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दलेर सिंह ने यह कदम कब और किन परिस्थितियों में उठाया, या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। बस्सी पुलिस चौकी की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
