भास्कर न्यूज | लुधियाना स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने पूरे जिले में डेंगू के प्रति जागरूकता गतिविधियों, सफाई अभियानों और लोगों से इसके प्रसार को रोकने में सहयोग की अपील के साथ राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया। सिविल सर्जन डा. रमनदीप कौर ने बताया कि विभाग की तरफ से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर, घर-घर अभियान और पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि टीमों ने रुके हुए पानी को हटाने पर विशेष ध्यान दिया, क्योंकि यह मच्छरों के पनपने का स्थान बनता है और लोगों को डेंगू के शुरुआती लक्षणों के बारे में जागरूक किया। डॉ. कौर ने कहा कि विभाग ने जिले के स्वास्थ्य संस्थानों को बुखार, शरीर दर्द, सिरदर्द और डेंगू के अन्य सामान्य लक्षणों वाले मरीजों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों को निगरानी बढ़ाने और परिवारों को बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए कहा गया है। डेंगू एक वायरल बीमारी है जो के मच्छर के काटने से फैलती है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस बीमारी में आमतौर पर तेज बुखार, गंभीर सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, मतली और चकत्ते हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि खून आना, लगातार उल्टी, पेट दर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। लोगों को सलाह दी गई कि वे पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें, कूलर और गमलों को नियमित रूप से खाली करें, छतों और नालियों की सफाई करें तथा मच्छर रोधी दवाओं और पूरी बांह के कपड़ों का उपयोग करें। विभाग ने लोगों से यह भी अपील की कि घरों, निर्माण स्थलों और खाली प्लॉटों के आसपास पानी जमा न होने दें। डॉ. कौर ने लोगों से स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करने और डेंगू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उचित देखभाल और सामुदायिक भागीदारी ही इस बीमारी को नियंत्रित करने की कुंजी है।
Source link
