सिरसा जिले के डबवाली में दो युवकों पर कुछ युवकों ने मिलकर रंजिशन हमला कर दिया। ब्लैक गाड़ी में सवार हमलावरों ने पहले बाइक को टक्कर मारकर नीचे गिराया और बाद में पीटना शुरू कर दिया। एक युवक को सिर, हाथ व पांव पर काफी चोटें लगी है। अभी इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव जोगेवाला के दो युवकों पर पहले रविवार सुबह हमला किया गया। फिर जगजीत सिंह और गुरविंदर सिंह घरेलू सामान लेने के लिए डबवाली गए थे और वापस अपने गांव जोगेवाला लौट रहे थे। गांव के ही दो युवक उनकी रेकी कर रहे थे। जैसे ही जगजीत सिंह और गुरविंदर सिंह अपने गांव की ओर चले, थोड़ी ही दूरी पर सामने से आ रही एक काले रंग की कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गिर गए। कार में सवार तीन युवक हाथों में तेजधार हथियार लेकर नीचे उतरे और मोटरसाइकिल सवार युवकों पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। इस दौरान हमलावरों ने मोटरसाइकिल को भी क्षति पहुंचाई। जगजीत सिंह पर तेजधार हथियार से वार किए गए, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। गुरविंदर सिंह को भी चोटें आईं। आसपास के लोगों ने छुड़वाया हमलावरों द्वारा युवकों की पिटाई की जा रही थी, तभी पास की ढाणी के लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। जगजीत सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।घायल युवकों ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को डबवाली के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया। घायल बोला, रंजिश चल रही थी घायल गुरविंदर सिंह ने बताया कि जगजीत सिंह की कार में सवार होकर आए युवकों से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मौके पर युवकों से घटना की जानकारी लेकर आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह घायलों के बयान लेने के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचे हुए हैं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घायल जगजीत और गुरविंदर के बयानों के आधार पर ही पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link
