सक्ती जिले के प्रजापति ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय में नशा मुक्त जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शिरकत की। सांसद जांगड़े के साथ रुक्मणी दीदी, बिंदु दीदी, राजश्री दीदी और दत्ता ग्रे भाई सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिथियों ने नशा मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगा और लोगों को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए जागरूकता फैलाएगा। स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने पर सांसद ने दिया जोर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता अभियान जिले के गांव-गांव तक पहुंचेगा और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा, साथ ही नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी भी देगा। सांसद जांगड़े ने जोर दिया कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के जीवन को समय से पहले समाप्त कर सकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बड़ी संख्या में युवा घातक मादक पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जिससे उन्हें शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक क्षति हो रही है। उनके अनुसार, किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के व्यक्तित्व का विनाश करता है, निर्धनता बढ़ाता है और परिवारों को तोड़ने का कारण बनता है। कमलेश जांगड़े ने लोगों से आह्वान किया कि वे मादक पदार्थों का नहीं, बल्कि भगवान की भक्ति और भजन का नशा करें। उन्होंने कहा कि समाज से नशे जैसी बुराई को समाप्त करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।
Source link
