गोविंद नगर में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर मेडिकल स्टोर में जा घुसी। घटना में दुकान के बाहर खड़ा एक युवक स्कार्पियो की चपेट में आकर नीचे दब गया, जबकि तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीटीआई से नंदलाल की ओर आ रही थी तेज रफ्तार कार इलाकाई लोगों ने बताया रविवार देर रात करीब 11 बजे काले रंग की स्कार्पियो सीटीआई से नंदलाल चौराहे की तरफ तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। स्कार्पियो पहले आवास विकास कल्याणपुर निवासी शेखर गुप्ता की लकी केमिस्ट के बाहर खड़ी कार से टकराई और फिर सीधे मेडिकल स्टोर के काउंटर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान के बाहर खड़ा एक युवक नीचे दब गया। घायलों में छोटी जूही निवासी रोहित और राम आसरे नगर निवासी हर्षित की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य घायलों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दुकान संचालक शेखर गुप्ता ने बताया कि चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। घटना में दुकान और बाहर खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। गोविंद नगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
