रायसेन शहर की कलेक्ट्रेट कॉलोनी स्थित प्राचीन हरिहर आश्रम श्री हनुमान मंदिर, रामपुर में 22 मई से 21 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ, हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन शुरू हो गया है। इस धार्मिक आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर सुबह से देर रात तक भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। सुबह के समय मुख्य यजमान यज्ञशाला में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दे रहे हैं। श्रद्धालु यज्ञशाला की परिक्रमा कर धर्मलाभ ले रहे हैं। दोपहर में हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण कर रहे हैं। मंगलवार रात मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन में संत भोलेस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य और कॉलोनीवासी व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति के अनुसार, महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। हनुमंत कथा दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। कार्यक्रम में यज्ञाचार्य पंडित रामजीकृष्ण महाराज विशेष रूप से उपस्थित है। आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।
Source link
