मुख्य बातें

कछुए के नाम पर साढ़े 5 लाख की चांदी हड़पी: 2 आरोपी गिरफ्तार; चांदी की ज्वेलरी भी बरामद, रुपए दोगुना करने का दिया था झांसा – Tonk News

कछुए के नाम पर साढ़े 5 लाख की चांदी हड़पी:  2 आरोपी गिरफ्तार; चांदी की ज्वेलरी भी बरामद, रुपए दोगुना करने का दिया था झांसा – Tonk News

कछुए के कारोबार में रुपए दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ितों को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने और विशेष किस्म के कछुए की खरीद-फरोख्त में भारी लाभ होने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था और उनसे साढ़े पांच लाख रुपए की चांदी हड़पी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 किलोग्राम चांदी की दो कमरबंद बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। दुर्लभ कछुए के नाम मुनाफा कमाने का दिया था झांसा
मालपुरा डीएसपी आशीष प्रजापत ने बताया कि 19 मई 2026 को प्रार्थी जगदीश पुत्र रामधन गुर्जर निवासी कांटोली और धर्मराज पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी हाथगी थाना डिग्गी पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें एक दुर्लभ कछुए के नाम पर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। आरोपियों ने दावा किया कि यदि वे उनके साथ व्यापार में पैसा लगाते हैं तो बहुत कम समय में रकम दोगुनी हो जाएगी। इसी झांसे में आकर पीड़ितों ने आरोपियों को एक लाख रुपए नकद और करीब 2 किलो 100 ग्राम चांदी की दो कमरबंद सौंप दीं। सामान और नकदी लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। गिरफ्तार कर नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिग्गी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आधुनिक अनुसंधान तकनीकों का सहारा लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। डिग्गी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया और कई तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद पुलिस ने बूंदी जिले के नैनवा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। दोनों के वारदात करना स्वीकार करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पीड़ितों से हड़पी गई दोनों चांदी के कमर बंद(करधनी) बरामद कर लीं। पुलिस गिरोह के अन्य साथियों तथा पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपी रामसिंह उर्फ मुकेश (40) पुत्र प्रभूदयाल, निवासी छोटीपडाप, थाना नैनवा, जिला बूंदी और सोनू नागर (24)पुत्र बाबूलाल धाकड़, निवासी वार्ड नंबर 19 किसान कॉलोनी थाना नैनवा जिला बूंदी को गिरफ्तार किया है। डिग्गी थानाधिकारी गोपाल चौधरी ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। संभावना है कि आरोपियों ने पूर्व में भी कई लोगों को इसी प्रकार का झांसा देकर ठगी की हो। इनपुट: दीपांशु पाराशर,डिग्गी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *