नारनौंद में यारी इंडिया संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर लोहान बैठक को संबोधित करते हुए।
हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद में विदेशों में रह रहे भारतीयों की शांति और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था यारी इंडिया इस कार्यक्रम का आयोजन करेगी।
.
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर लोहान ने बताया कि 8 अक्टूबर से शांति महायज्ञ यात्रा की शुरुआत होगी, जो ऐतिहासिक गांव रामराय से प्रारंभ होकर 12 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में महायज्ञ के साथ संपन्न होगी।
लोहान ने बताया कि यारी इंडिया की टीम अब तक 56 शवों को विदेश से भारत लाकर परिजनों को सौंप चुकी है ताकि उनका अंतिम संस्कार देश की मिट्टी पर हो सके।
56 शवों को विदेश से भारत लाकर परिजनों को सौंप चुकी है यारी इंडिया
नारनौंद में सोमवार(22सितंबर) को यारी इंडिया संस्था ने बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर लोहान ने बताया कि यारी इंडिया का उद्देश्य केवल देश के भीतर ही नहीं बल्कि विदेशों में फंसे या जान गंवा चुके भारतीयों की मदद करना भी है। पिछले कुछ महीनों में कई भारतीय युवाओं की विदेश में मौत हुई थी।
शव भारत लाने की जटिल प्रक्रिया और अधिक खर्च के चलते परिवारजन लगभग उम्मीद छोड़ चुके थे। ऐसे में यारी इंडिया की टीम आगे आई और अब तक 56 शवों को विदेश से भारत लाकर परिजनों को सौंप चुकी है ताकि उनका अंतिम संस्कार देश की मिट्टी पर हो सके।
यारी इंडिया संस्था की बैठक में मौजूद लोग।
8 अक्टूबर से शांति महायज्ञ यात्रा की शुरुआत
रणवीर लोहान ने बताया कि 8 अक्टूबर से शांति महायज्ञ यात्रा की शुरुआत होगी, जो ऐतिहासिक गांव रामराय से प्रारंभ होकर 12 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में महायज्ञ के साथ संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि महायज्ञ यात्रा के दौरान सेना में शहीद हुए जवानों और विदेशों में दम तोड़ चुके भारतीयों के घरों से मिट्टी और पानी लाया जाएगा। कुरुक्षेत्र में होने वाले हवन यज्ञ में यह मिट्टी और जल अर्पित कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। साथ ही, विदेशों में रह रहे लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन की कामना की जाएगी।
जरूरतमंदों की मदद भी कर रही है यारी इंडिया उन्होंने कहा कि संस्था गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। हाल ही में गांव बास निवासी दीपक शर्मा, जिनकी दोनों किड़नी फेल हो चुकी हैं, उनको यारी इंडिया की टीम ने घर पहुंचकर एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी। रणवीर लोहान ने कहा कि संस्था का मकसद है कि कोई भी परिवार असहाय महसूस न करे, चाहे संकट देश में हो या विदेश में।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर लोहान के विचार सुनते लोग।
नौकरीपेशा बनने तक सीमित न रहें, मालिक बनने का संकल्प लें
बैठक के दौरान रणवीर लोहान ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरीपेशा बनने तक सीमित न रहें, बल्कि मालिक बनने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यारी इंडिया की कार्यकारिणी को और मजबूत करने के लिए देशभर से युवाओं को जोड़ा जा रहा है। संगठन को सेवा और आत्मनिर्भरता की मिसाल बनाना ही हमारा लक्ष्य है।
