सचिन प्रजापति | प्रयागराजकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
प्रयागराज रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते अभियान के तहत एक और नाबालिग बच्ची को सुरक्षित बचाया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर गाड़ी संख्या 04451 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल से एक 12 वर्षीय बच्ची को RPF टीम ने सकुशल बरामद कर चाइल्ड लाइन प्रयागराज को सुपुर्द किया।
यह अभियान रेलवे सुरक्षा बल की एक संवेदनशील पहल है, जिसके तहत रेलवे परिसरों और ट्रेनों में पाए जाने वाले बच्चों को बचाने का कार्य किया जाता है। यह केवल एक सुरक्षा कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन हजारों बच्चों के लिए जीवनरेखा बन चुका है जो किसी कारणवश घर से भटक जाते हैं या सहायता की आवश्यकता में होते हैं।
प्रयागराज आरपीएफ को सूचना मिली कि हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन में एक नाबालिग बच्ची अपने घर से नाराज़ होकर अकेली यात्रा कर रही है। सूचना मिलते ही RPF के सहायक उपनिरीक्षक कमलेश प्रसाद मिश्रा और मेरी सहेली टीम की महिला कांस्टेबल प्रियंका देवी ने तुरंत ट्रेन को अटेंड किया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर पहुंचने पर बच्ची को सुरक्षित पाया गया और उसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रयागराज लाया गया।
पूछताछ में बच्ची ने अपना नाम और पता बताते हुए कहा कि वह वाराणसी जिले के थाना चोलापुर क्षेत्र की रहने वाली है और घर से नाराज़ होकर निकली थी। फिलहाल बच्ची को महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका देवी की देखरेख में सुरक्षित रखा गया और चाइल्ड लाइन प्रयागराज को सूचना दी गई।
बाद में चाइल्ड लाइन प्रयागराज की केस वर्कर टीम RPF पोस्ट पहुंची। सत्यापन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची को चाइल्ड लाइन प्रयागराज को आगे की कार्यवाही के लिए सुपुर्द किया गया।
रेलवे प्रशासन ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि यदि रेलवे परिसर या ट्रेनों में किसी भी बच्चे को असुरक्षित या संकट में देखें तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।

