थाना सदर करनाल के बाहर इकट्ठा ग्रामीण।
पंजाब की सन्नौर विधानसभा से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के मामले में पुलिस ने बुधवार शाम करनाल के डबरी गांव से 14 लोगों को डिटेन कर लिया। पुलिस ने उन लोगों को डिटेन किया है, जो सरपंच लाडी के घर पर हालचाल जानने के लिए आए थे।
.
इनमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSMC) के संयुक्त सचिव भी शामिल हैं। इसके साथ ही एक बुजुर्ग ऐसे भी है, जिनको स्टंट डले हुए हैं। पुलिस ने 14 साल के बच्चे को भी उठाया है। पंजाब पुलिस की कार्रवाई से नाराज डबरी गांव से पूर्व सरपंच लाडी का परिवार और ग्रामीण करनाल के सदर थाना में पहुंचे।
एसपी आवास के बाहर शिकायत लेकर पहुंचे डबरी गांव के लोग।
बेकसूर लोगों को उठाने का आरोप
पूर्व सरपंच लाडी ने पंजाब पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने बेकसूर लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की और पिस्टल के बल पर उनको उठाया गया।
सदर थाना में शिकायत देने के बाद सभी ग्रामीण एसपी आवास पर पहुंचे। एसपी ने ग्रामीणों काे आश्वस्त किया है कि जिन लोगों को बेवजह उठाया गया है, उनकी वापसी के लिए पटियाला पुलिस के एसएसपी से बात करेंगे।
अब जानिए पूरा मामला बता दें कि मंगलवार को पंजाब के AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को रेप केस में हिरासत में लेने पंजाब पुलिस हरियाणा के करनाल पहुंची थी। पुलिस ने विधायक को हिरासत में ले भी लिया था, लेकिन वह पुलिस हिरासत से निकल गए। इसके बाद पुलिस ने दावा किया था कि पठानमाजरा धक्कामुक्की और फायरिंग कर भागे हैं। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने करनाल के सदर थाने में भी शिकायत दी थी।

AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा लोगों से अपील करते हुए।
जानबूझकर फंसा रही पंजाब पुलिस
डबरी गांव के देवेंद्र सिंह का कहना है कि 2 सितंबर से गांव डबरी के सरपंच लाडी के साथ एक घटना हुई है, जिसमें उसका कोई इन्वॉल्वमेंट नहीं है। उसको पंजाब पुलिस जान बुझकर फंसा रही है। कल बुधवार की शाम करीब 6 बजे लाडी सरपंच के घर रेड डाल दी। इस रेड में सात इंस्पेक्टर थे और एक डीएसपी था।
हालचाल जानने आए थे रिश्तेदार
ग्रामीणों का कहना है कि लाडी के साथ हुई घटना को लेकर आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार का हालचाल जानने के लिए आए हुए थे। यहां मौजूद उन सभी को पंजाब पुलिस ने राउंडअप कर लिया। उनके फोन व पर्स छीन लिए और उनकी आईडी प्रूफ ले ली। पुलिस ने सभी के नाम पूछे और उनको गाड़ियों डालते गए। पंजाब पुलिस 14 लोगों को अपने साथ लेकर गई है।
डीवीआर उखाड़ा, महिलाओं से बदसलूकी
ग्रामीणों ने कहा कि इन 14 लोगों में एक व्यक्ति को स्टंट डले हुए हैं और वह चारपाई पर लेटा हुआ था। उसको भी पुलिस ले गई। 16 साल के लड़के को भी उठाया गया है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर उखाड़ ली। पंजाब पुलिस ने महिलाओं के साथ बहुत बदतमीजी की। जिसका गवाह पूरा गांव है। पंजाब पुलिस ने सरेआम बदमाशी की है।

पूर्व सरपंच लाडी के परिवार ने पुलिस को शिकायत दी।
पूर्व सरपंच ने पुलिस को शिकायत दी
पूर्व सरपंच लाडी के परिवार ने सदर थाना में एक शिकायत दी है, जिसमें पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हमें यह भी पता चला है कि पंजाब पुलिस ने आने से पहले सदर थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। जब पंजाब पुलिस ने लोगों को उठा लिया तो उसके बाद सदर थाना को जानकारी दी।
कुछ वर्दी में और बाकी बिना वर्दी के आए
ग्रामीण अमरजीत सिंह लाडी ने कहा कि 30-40 लोग घर में घुस रहे और 26-27 गाड़ियां आई थी, उनमें से कुछ पुलिस की वर्दी में थे और अन्य सिविल ड्रेस में। अब ये सिविल ड्रेस वाले पुलिस वाले ही थे या कोई ओर, इसके बारे में पता नहीं। महिलाओं को बुरी तरह से खींचा गया है। बच्चों को ही उठा लिया गया।

मामले की जानकारी देते एसपी गंगाराम पुनिया।
एसपी बोले- छुड़वाने के लिए पटियाला एसएसपी बात करेंगे
ग्रामीणों ने बताया कि आज इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसपी गंगाराम पुनिया से मिले हैं। एसपी ने आश्वासन दिया है कि जो बुजुर्ग है, जिनको स्टंट डले हुए है और एक नाबालिग बच्चे और जो लोग सरपंच के घर पर हालचाल जानने के लिए आए हुए थे, उनको छुड़वाने के लिए पटियाला के एसएसपी से बात की जाएगी।
डबरी के लोगों के खिलाफ कोई शिकायत हुई है या नहीं, इसके बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है, इसका पता तब चलेगा, जब पंजाब पुलिस बात करने के लिए तैयार होगी। पंजाब पुलिस ने किसी के साथ बात ही नहीं की।
