पत्रकारों के साथ बातचीत करते AAP के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता।
कुरुक्षेत्र में पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने राज्य में बढ़ते अपराध और सरकार की निष्क्रियता को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने हरियाणा को अपराध की राजधानी बताया और कहा कि यहां कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है।
.
लोकसभा क्षेत्र कुरुक्षेत्र से गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. गुप्ता ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि हरियाणा में विभिन्न गैंग सक्रिय हैं। लोग फिरौती और अपहरण का शिकार हो रहे हैं। हर रोज गोलियां चल रही हैं। यहां तक कि पुलिस थानों पर भी फायरिंग हो रही है। प्रदेश के सभी जिलों में आपराधिक घटनाएं थम नहीं रही हैं।
सरकार ने स्थापित किया जंगल राज
गुप्ता ने कहा कि सीएम के होम जिले कुरुक्षेत्र में भी गोलीबारी हो रही है। आरोप लगाया कि सरकार ने हरियाणा में कानून का राज खत्म कर जंगल राज स्थापित कर दिया है। गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर तो तैयारियां हो रही हैं, लेकिन सरकार ये नहीं सोच रही कि बढ़ते अपराध के कारण व्यापारी पलायन को मजबूर हैं। सरकार बेपरवाह है। चाहे कोई गोली का शिकार हो या अपहरण सरकार सो रही है।
किसानों की अनदेखी
गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार के कार्यकाल को एक साल होने वाला है। इस अवधि में प्रदेश के हालात और बिगड़ गए। हरियाणा में बाढ़ ने तबाही मचाई, लेकिन सरकार ने इसे बाढ़ प्रभावित राज्य घोषित नहीं किया। पड़ोसी राज्य पंजाब में किसानों को 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दिया, लेकिन हरियाणा सरकार ने कितना मुआवजा दे रही है?
कमीशन का चल रहा खेल
उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने एग्रीगेट बनाकर जमीन खरीद का धंधा शुरू कर दिया है। सरकारी निकायों के लिए जमीन खरीदने के नाम पर उनके बिचौलियों कमीशन खा रहे है। अब तक धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई। सरकार पोर्टल की बात करती है।
