दतिया के ग्राम सेमाहा में रविवार देर रात खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट और फिर फायरिंग हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के एक-एक युवक गोली लगने से घायल हो गए।
.
ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुआ विवाद
पहले पक्ष के 20 वर्षीय सुंदरम पिता साहब सिंह यादव ने आरोप लगाया कि रघु यादव, रामकरण यादव और पप्पू यादव ने जबरन उसके खेत से ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट करते हुए कट्टे से गोली चला दी। गोली सुंदरम के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया।
जवाबी फायरिंग का दावा, दूसरा युवक भी घायल
वहीं, दूसरे पक्ष के राघवेंद्र यादव पुत्र रामकुमार यादव ने पुलिस को बताया कि झगड़े के दौरान सुंदरम यादव और उसके पिता साहब सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर जवाबी फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में राघवेंद्र की जंघा में गोली लग गई।
दोनों पक्ष फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोंदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों ओर से हत्या के प्रयास, फायरिंग कर दहशत फैलाने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
