बलरामपुर जिले में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार (4 अक्टूबर) दोपहर 12 बजे सोहन गोंड़ (60 साल) मवेशी चराने जंगल गया था। तभी हाथी ने उन्हें उठाकर पटक दिया। घटना मदनपुर गांव के पास चटनियां जंगल की है।
.
जानकारी के मुताबिक, मृतक मुरकोल का रहने वाला था। वह अपनी बहन के घर मदनपुर में रह रहा था और शनिवार को इसी दौरान उसका सामना हाथियों से हो गया।
हमले में सोहन की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। साथी ने दौड़कर वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी।
मृतक सोहन गोंड़, हाथी के हमले में जान चली गई।
मृतक के परिजनों को मिली सहायता राशि
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो हाथियों का एक जोड़ा पिछले कुछ दिनों से वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर रामनारायण राम के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह हाथियों का जोड़ा इलाके में सक्रिय है, जिससे न केवल लोगों की जान को खतरा है, बल्कि वे धान की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कम से कम 2-3 गांवों के लोग हाथियों के आतंक से बेहद परेशान हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को दें। विभाग द्वारा हाथियों को भगाने और उन्हें जंगल की ओर लौटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
