मुख्य बातें

झारखंड में साढ़े चार माह में 1266.6 मिमी बारिश: अगले 48 घंटे में लौटेगा मानसून, दीपावली से महसूस होगी गुलाबी ठंड – Ranchi News

झारखंड में साढ़े चार माह में 1266.6 मिमी बारिश:  अगले 48 घंटे में लौटेगा मानसून, दीपावली से महसूस होगी गुलाबी ठंड – Ranchi News

झारखंड में मानसून अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटे में राज्य से मानसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। बंगाल की खाड़ी में हल्की हलचल बनी हुई है, जिससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी और बादल छाने की संभावना है।

.

फिलहाल, अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। सुबह और शाम की ठंडी हवाएं गुलाबी ठंड का एहसास कराने लगी हैं। विभाग ने यह भी कहा है कि इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

अब तक हुई 1266.6 मिमी बारिश, रांची में सबसे ज्यादा

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, मानसून रक्सौल, वाराणसी, जबलपुर, अकोला, अहिल्यानगर और अलीबाग मार्ग से लौट रहा है। एक जून से अब तक झारखंड में औसतन 1266.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

वहीं, रांची में इस दौरान 1589 मिमी बारिश हुई है। हालांकि, अक्तूबर में कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। गोड्‌डा में 35%, गुमला में 9%, पाकुड़ में 18%, साहेबगंज में 69% और सिमडेगा में 50% कम बारिश हुई है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.4°C और न्यूनतम 20.4°C दर्ज किया गया।

दीपावली तक रहेगा साफ मौसम, बढ़ेगी ठंडक

मौसम विभाग ने बताया कि 13 अक्टूबर से झारखंड में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले एक सप्ताह यानी 17 अक्टूबर तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल, कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर है।

जमशेदपुर में 32.5°C और गोड्डा में 34.2°C रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 22°C के आसपास है। साफ मौसम से किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी, क्योंकि आने वाले दिनों में किसी मौसमी बाधा की संभावना नहीं है।

कोहरे के असर से अस्थायी रद्द रहेंगी ट्रेनें

ठंड के मौसम में संभावित कोहरे को देखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का फैसला किया है। हटिया-आनंद विहार टर्मिनल (12873) एक दिसंबर से 26 फरवरी 2026 तक हटिया से नहीं चलेगी।

वहीं, आनंद विहार-हटिया (12874) दो दिसंबर से 27 फरवरी तक रद्द रहेगी। इस बीच, मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक झारखंड के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान 30°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 19°C से 23°C के बीच रहने की संभावना जताई है। दीपावली तक सुबह-शाम हल्की ठंड और खुले आसमान का मौसम बने रहने के आसार हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *