प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन पर बैठक
मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की एक महत्वपूर्ण बैठक सिंगरौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा ने इसकी अध्यक्षता की। इस दौरान आयोग के सचिव अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री भी म
.
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की प्रशासनिक इकाइयों जैसे उपखंड, तहसील, जनपद और विकासखंडों के परिसीमन, सृजन और उनकी सीमाओं में तर्कसंगत परिवर्तन पर विस्तृत चर्चा करना था। अध्यक्ष एसएन मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रशासनिक इकाई के पुनर्गठन से पूर्व जनप्रतिनिधियों और आमजन से व्यापक चर्चा की जाए। उनकी राय के आधार पर आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्व सीमाओं के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कलेक्टर द्वारा तैयार किए गए सुझाव और प्रस्ताव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। नई इकाइयों के गठन में जनसंख्या संतुलन, औद्योगिक क्षेत्र, भौगोलिक दूरी और बिजली, पानी, सड़क व शिक्षा जैसी स्थानीय सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आयोग ने मार्गदर्शक सिद्धांत तैयार कर लिए हैं और प्रश्नावली जारी कर आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
इन सुझावों की समीक्षा राजस्व स्तर पर की जाएगी, जिसमें गांवों और तहसीलों की भौगोलिक निकटता को प्राथमिकता दी जाएगी। आयोग के सचिव अक्षय कुमार सिंह ने आयोग की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक संरचना, प्रश्नावली, भौगोलिक तत्वों, संरचनात्मक सुविधाओं, जनसंख्या घनत्व, सामाजिक-सांस्कृतिक कारकों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर गौरव बैनल ने आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार कर भेजने का आश्वासन दिया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडेय, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर और जिला पंचायत अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
