जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के प्रबंधन और मॉनिटरिंग के चलते इंदिरा गांधी नहर का पानी तय समय से पहले जोधपुर पहुंच गया। जोधपुर में गुरुवार रात 8:30 बजे पानी पहुंचने पर अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता नक्षत्र चारण ने बताया- नहर के पानी ने लगभग 204 किलोमीटर की दूरी अपने अनुमानित समय से करीब 3 घंटे पहले ही तय कर ली। चारण के अनुसार- विभाग ने सभी आठों पंप हाउस पर पानी का भंडारण की व्यवस्था की, जिससे पानी का प्रवाह निरंतर बनाए रखने में मदद मिली। इंदिरा गांधी नहर से भी पर्याप्त मात्रा में पानी की आवक हो रही है। वर्तमान में मदासर पर लगभग 310 क्यूसेक पानी नहर में छोड़ा जा रहा है और पूरी क्षमता के साथ जलापूर्ति की जा रही है। पहले जोधपुर शहर की प्यास बुझेगी, फिर भरेंगी मार्ग की डिग्गियां शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने कहा- प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले जोधपुर शहर की पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद नहर के मार्ग स्थित विभिन्न जल योजनाओं की डिग्गियों में उपलब्ध पानी खत्म होने पर वहां भी चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति शुरू की जाएगी। पानी के जोधपुर पहुंचने के इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता नक्षत्र चारण, अधीक्षण अभियंता दिनेश नागौरी और अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह ने पानी की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों के अलावा ठेकेदार फर्म की टीम भी मौजूद रही।
Source link
