सीमावर्ती गांव करणीसर भाटियान में सोलर प्लांट लगाने के लिए बुधवार पूरी रात खेजड़ी के पेड़ों पर आरी चलती रही और वन विभाग सोया रहा। एक ही रात में खेजड़ी के 418 पेड़ काट डाले गए। यह वही जगह है जहां पेड़ काटने पर पूगल थाने में जून में एफआईआर दर्ज हुई, ले
.
करणीसर भाटियान में मैसर्स देशराज सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने सोलर प्लांट लगाने के लिए किसानों से हजारों बीघा जमीन लीज पर ले रखी है। यहां पर पाइलिंग करने के लिए बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने खेजड़ी के पेड़ काट डाले। घटना का पता चलने पर सुबह वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पूगल एसडीएम दिव्या बिश्नोई, तहसीलदार अशोक पारीक, गिरदावर, पटवारी, वन विभाग और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा।
जीव रक्षा सभा के अध्यक्ष मोखराम धारणिया भी पर्यावरण प्रेमियों सहित पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंपनी ने 300 मेगावाट का सोलर प्लांट लगाने के लिए 2280 बीघा भूमि लीज पर ले रखी है। खेजड़ी के पेड़ दूर-दूर तक छितराए हुए हैं। पक्षियों के घोसले तक नष्ट हो गए हैं। तहसीलदार ने बताया कि लीजधारक कंपनी के खिलाफ फर्द रिपोर्ट तैयार हो गई है।
टीनेंसी एक्ट के तहत उपखंड अधिकारी के समक्ष पेश कर जुर्माना वसूली की कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि इस प्लांट पर मई में 179 पेड़ काटे गए थे। परिवादी चांद सिंह ने जीतू सिंह, कालूसिंह, श्रवणसिंह, गणेशसिंह सहित 50 अन्य के खिलाफ पूगल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच तत्कालीन एसएचओ पवन सिंह ने की, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वर्तमान एसएचओ समरवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा पेंडिंग है।
मौके पर ‘वारी’ कंपनी के बोर्ड, काम दूसरी कंपनी कर रही
कानूनी अड़चनों से बचने के लिए सोलर कंपनियों ने काम करने का नया तरीका अपना लिया है। करणीसर भाटियान में दिल्ली की मैसर्स देशराज सोलर प्राइवेट लिमिटेड सोलर प्लांट लगा रही है। रिकॉर्ड में लीज भी इसके नाम दर्ज है, जबकि मौके पर वारी सोलर के बोर्ड लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट लगने के बाद यह वारी के हैंडओवर होगा। पूगल, छत्तरगढ़, गजनेर, कोलायत, नोखा दैया सहित सभी जगह पर अब यही हो रहा है। जमीन पर काम मूल कंपनी की जगह ठेकेदार फर्म कर रही है।
मई में काटे थे 179 पेड़, शपथ पत्र का भी पालन नहीं किया
करणीसर भाटियान में मैसर्स देशराज सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की लीज पर मई में 179 खेजड़ी के पेड़ काटे गए थे। पूगल एसडीएम ने टीनेंसी एक्ट के तहत प्रति पेड़ 100 रुपए के हिसाब से जुर्माना वसूला। इसके साथ ही कंपनी से शपथ पत्र लिया गया कि एक पेड़ की जगह दस पेड़ लगाने होंगे। नए पेड़ लगाने तो दूर, खेजड़ी के 418 पेड़ काट डाले गए। तहसीलदार अशोक पारीक ने बताया कि शपथ पत्र का उल्लंघन करने पर कंपनी के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही की जाएगी।
“पूगल क्षेत्र में सोलर प्लांट पर खेजड़ी कटाई के सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। करणीसर भाटियान में 418 पेड़ काटे गए हैं। तहसीलदार को कंपनी के खिलाफ परिवाद पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।”
-दिव्या बिश्नोई, उपखंड अधिकारी, पूगल
