हजारीबाग स्थित चौपारण थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात उत्पाद विभाग की एक बड़ी कार्रवाई के दौरान अवैध शराब तस्करी गिरोह के सदस्यों ने विभागीय टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में अपराधी एक गिरफ्तार तस्कर को छुड़ाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
.
हजारीबाग उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण प्रखंड के परसातरी क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है और इसे बिहार भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने रात लगभग 10 बजे छापेमारी की।
बड़ी मात्रा में शराब ट्रांसफर की जा रही थी
छापेमारी के दौरान टीम ने देखा कि एक टेंपो गाड़ी से इको वाहन में बड़ी मात्रा में शराब ट्रांसफर की जा रही थी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। मौके से 720 बोतल ओल्ड मोंक रम बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 से 10 लाख रुपए आंकी गई है।
उत्पाद विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर रोका
कार्रवाई के दौरान रंजीत यादव नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो शराब को बिहार ले जाने की तैयारी में शामिल था। हालांकि, छापेमारी स्थल की सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए शराब तस्करों ने उत्पाद विभाग की गाड़ी को ओवरटेक किया और टीम पर अचानक हमला कर दिया।
हमलावरों में पिंटू यादव, पप्पू यादव और रंजीत यादव सहित 6-7 लोग शामिल थे। वे टेंपो और गिरफ्तार रंजीत यादव को छुड़ाकर फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने इको वाहन और बरामद शराब को सुरक्षित कब्जे में लेकर कार्यालय पहुंचा दिया है।
मुख्य आरोपी पिंटू यादव, पप्पू यादव और रंजीत यादव के खिलाफ माननीय न्यायालय में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही चौपारण थाना में भी जबरन गाड़ी छुड़ाने और हमला करने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। -शिवकुमार साहू, सहायक उत्पाद आयुक्त

