शेखपुरा नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लूटपाट के एक मामले में 5 माह से फरार चल रहे एक आरोपी को अरेस्ट किया है। यह गिरफ्तारी शहर के चांदनी चौक स्थित वीआईपी रोड से की गई।
.
गिरफ्तार युवक की पहचान नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सुधीर चौहान के पुत्र कर्ण कुमार के रूप में हुई है। वह नगर थाना क्षेत्र के कारे गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
आरोपी कर्ण कुमार को पुलिस ने किया अरेस्ट।
ओवरटेक करने के बाद किया हमला
इस मामले के अनुसंधान पदाधिकारी सुनील कुमार राजवंशी ने बताया कि 5 माह पहले कोसुंभा थाना क्षेत्र के डेवसा डीह गांव का 1 बाइक सवार रात में शेखपुरा बाजार से अपने गांव लौट रहा था।
रास्ते में मटोखर पहाड़ी से कुछ दूर बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक किया और बांस के बल्ले से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद उसके साथ लूटपाट की गई।
घायल युवक शेखपुरा शहर की एक उर्वरक दुकान में सेल्समैन था और दुकान बंद होने के बाद घर वापस लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
छापामारी का नेतृत्व नगर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अपर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार राजवंशी और पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
