जिले की भटनी पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चेकिंग अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 26 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 224 लीटर है, जिसे बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चांदपार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, जिसकी तलाशी में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस की 16 पेटी, आफ्टर डार्क ब्लू की 5 पेटी और माउंटेन ब्रांड की 5 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल है। कुल 1248 शीशियां मिली हैं, जिनमें प्रत्येक शीशी 180 मिलीलीटर की है। इस तरह कुल 224 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने मौके से पूर्वी चंपारण (बिहार) के पकड़ी दयाल थाना क्षेत्र के चोरमा निवासी रंजन कुमार पुत्र रामचंद्र राय को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस शराब को बिहार ले जाने की फिराक में था। भटनी पुलिस ने बरामद अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। भटनी के थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
