मुख्य बातें

बेलसर में हथियार के बल पर लूटकांड का खुलासा: एक अपराधी गिरफ्तार, लूट की बाइक और मोबाइल बरामद – Patedhi Belsar(vaishali) News

बेलसर में हथियार के बल पर लूटकांड का खुलासा:  एक अपराधी गिरफ्तार, लूट की बाइक और मोबाइल बरामद – Patedhi Belsar(vaishali) News

वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लूट और फायरिंग की घटना सामने आई है। इस वारदात में एक बिजली मिस्त्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लूटी गई मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह घटना 26 मई की रात करीब 9 बजे कृष्णानगर स्कूल के आगे डगरिया बाबा के पास हुई। राजारामपुर, सरैया, मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश प्रसाद अपने काम से लौटते समय अपनी स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर रोका और मारपीट की। बदमाशों ने मुकेश प्रसाद पर फायरिंग भी की, जिसमें वे सौभाग्य से बाल-बाल बच गए। अपराधियों ने उनसे उनकी स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (BR06AT-3046), एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 8,000 रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और वाहन के कागजात लूट लिए। घटना के बाद, बदमाशों की मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं हो पाई, जिसके कारण वे अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेलसर पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। घायल मुकेश प्रसाद का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेढ़ी बेलसर में कराया गया। इस संबंध में बेलसर थाना में कांड संख्या 341/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309 (6) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के उद्भेदन को लेकर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में मंगोली, सरैया, मुजफ्फरपुर निवासी गुड्डू कुमार (पिता-गणेश महतो) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *