नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद अब पूरे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है। राजस्थान में दबिश, नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही पुलिस गिरफ्तारी के बाद सिटी कोतवाली और वायडी नगर थाने की विशेष पुलिस टीमें सोमवार को राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र पहुंचीं। यहां मुख्य आरोपी गुलशेर लाला के गांव और ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने उसके नशा नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने प्रतापगढ़ निवासी कुख्यात बदमाश गुलशेर लाला और हत्या के मामले में पैरोल से फरार नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए तस्कर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ जिले का देलवजी उर्फ गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप लेकर मंदसौर आने वाला है। सूचना पक्की होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। डेढ़ किलो एमडी ड्रग्स जब्त, कीमत डेढ़ करोड़ से ज्यादा पुलिस ने आरोपियों के पास से 01 किलो 500 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, 03 किलो 500 ग्राम डोडाचूरा, दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। कुल जब्त माल की कीमत 1 करोड़ 51 लाख 22 हजार रुपये है। हत्या का दोषी है नंदू पाटीदार गिरफ्तार आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार, निवासी ग्राम राजाखेड़ी, थाना नई आबादी, मंदसौर, वर्ष 2022 के भावगढ़ थाना क्षेत्र के हत्या मामले में दोषी है। वह वर्ष 2024 से पैरोल पर बाहर था और फरार चल रहा था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की संयुक्त टीमें प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्जी गांव सहित आसपास के इलाकों में पहुंचीं। मुख्य आरोपी गुलशेर लाला के घर और ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वहां ताले लगे मिले। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। ग्रामीण इलाकों में फैला है नशे का नेटवर्क पुलिस जांच कर रही है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। हाई प्रायरिटी टारगेट थे आरोपी : एसपी एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि गुलशेर लाला के खिलाफ चार और नंदकिशोर के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मादक पदार्थों की तस्करी में नाम आने के कारण गुलशेर को हाई प्रायरिटी टारगेट में रखा गया था। दोनों आरोपियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 8/15, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
