फरीदाबाद जिले के नहरपार वजीरपुर रोड स्थित साईं कॉम्प्लेक्स के एक मकान में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि नीचे बनी दुकान के साथ-साथ ऊपर बने कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान और मकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग मकान मालिक डॉक्टर सुंदर ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक नीचे बनी दुकान से आग की लपटें उठने लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरे मकान को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख परिवार ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई लाख रुपए का नुकसान डॉक्टर सुंदर के अनुसार आगजनी में दुकान में रखा पूरा सामान जल गया, वहीं कमरों में रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। हादसे में उन्हें कई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगते ही आसपास के लोगों ने पानी की पाइप से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेहद तेज होने के कारण काबू नहीं पाया जा सका। 40 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक आग अपना कहर बरपा चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Source link
